वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में 02 नवंबर को होगा राज्योत्सव का आयोजन
मुंगेली, 30 अक्टूबर 2026/sns/- राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय के बी.आर. साव विद्यालय परिसर स्थित वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में 02 नवम्बर को एक दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया जाएगा। इस दौरान सशक्त नारी, युवा उड़ान की थीम पर विभिन्न विकास विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विभागीय उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां जोरों पर है। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने आज कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल में मंच, विद्युत, पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई एवं स्वच्छता, वाहन पार्किंग, साउण्ड सिस्टम, बैठक व्यवस्था, आमंत्रण कार्ड, फायर ब्रिगेड सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में सुनिश्चित कराने निर्देशित किया। इस दौरान मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, लोक निर्माण संभाग मुंगेली के कार्यपालन अभियंता श्री शरद सतपथी, मुंगेली सीएमओ श्री होरी सिंह ठाकुर, डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।