नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के प्रवेश पत्र की त्रुटि से न हों भ्रमित, सहसपुर लोहारा में होगी परीक्षा
कवर्धा, 03 नवंबर 2026/sns/- जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा -2027 के प्रवेश पत्र में परीक्षा केन्द्र के पते में मुद्रण त्रुटि हुई है। इस संबंध में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, उड़ियाकला के प्राचार्य ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों के लिए आवश्यक सूचना जारी की है।
जारी सूचना के अनुसार, परीक्षा केन्द्र कोड 25160405 के सामने प्रवेश पत्र में गलती से परीक्षा केन्द्र का पता सरस्वती शिशु मंदिर, पंडातराई, सहसपुर लोहारा अंकित हो गया है। जबकि परीक्षा केन्द्र का सही पता सरस्वती शिशु मंदिर, सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) है। यह परीक्षा केन्द्र विकासखंड सहसपुर लोहारा में स्थित है, न कि पंडरिया विकासखंड में।
प्राचार्य ने स्पष्ट किया है कि उक्त परीक्षा केन्द्र कोड आवंटित सभी अभ्यर्थी प्रवेश पत्र में हुई त्रुटि को ध्यान में रखते हुए 28 नवंबर 2026 को परीक्षा देने के लिए सरस्वती शिशु मंदिर, सहसपुर लोहारा में ही उपस्थित हों। अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि वे गलत पते के कारण किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए सही परीक्षा केन्द्र का ध्यान रखें।