अम्बिकापुर के प्रमुख मार्गों पर जाम से मिलेगी राहत, नगर निगम ने निर्धारित किए अस्थायी पार्किंग स्थल

अम्बिकापुर, 03 नवम्बर 2026/sns/-    शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्गों पर यातायात जाम की समस्या से आम नागरिकों और व्यवसायियों को राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम अम्बिकापुर द्वारा अस्थायी पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है।
नगर निगम क्षेत्रांतर्गत देवीगंज रोड, सदर रोड, स्कूल रोड एवं जयस्तम्भ चौक जैसे प्रमुख मार्गों पर अत्यधिक भीड़ के कारण अक्सर यातायात जाम की स्थिति निर्मित होती है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारियों को भी आवागमन एवं व्यवसायिक गतिविधियों में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में अस्थायी पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत देवीगंज मार्ग में निशांत मेडिकोज के बगल में स्थित भूमि, महामाया चौक के लिए नगर निगम स्कूल मैदान, स्कूल रोड एवं गुदरी चौक के लिए मल्टीपर्पज स्कूल मैदान, ब्रम्ह रोड एवं सदर रोड के लिए पुराना बस स्टैंड तथा राज्य परिवहन डिपो स्थित मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
नगर निगम आयुक्त ने आम नागरिकों एवं संबंधित मार्गों पर आने वाले आगंतुकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और जाम की समस्या से निजात मिल सके।

About The Author