खुड़िया समूह जल प्रदाय योजना को गति देने मुख्य अभियंता ने किया मैदानी निरीक्षण

मुंगेली, 03 नवंबर 2026/sns/- खुड़िया समूह जल प्रदाय योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्माण कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, बिलासपुर परिक्षेत्र श्री संजीव बृजपुरिया ने आज योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की वास्तविक प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में शेष कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने योजना के प्रभावी एवं चरणबद्ध क्रियान्वयन के लिए जोनवार और फेजवार प्राथमिकता निर्धारित करते हुए तत्काल समेकित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में वितरण नेटवर्क एवं राइजिंग मेन का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा तकनीकी रूप से जलापूर्ति संभव है, उन्हें प्रथम चरण में शामिल कर प्राथमिकता के आधार पर कमीशन किया जाए। इससे तैयार गांवों के ग्रामीणों को योजना का लाभ जल्द मिल सकेगा और पेयजल सुविधा के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी।
मुख्य अभियंता ने जल शोधन संयंत्र परिसर में सिविल एवं इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसी को शेष कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फ्लोटिंग पोंटून, जल शोधन संयंत्र, ओवरहेड सर्विस रिजर्वायर तथा पाइपलाइन नेटवर्क सहित योजना के सभी महत्वपूर्ण घटकों का कार्य आपसी समन्वय के साथ समय पर पूरा किया जाए। मुख्य अभियंता ने योजना के प्रत्येक घटक की साप्ताहिक भौतिक प्रगति की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पाइपलाइन बिछाने, हाइड्रोस्टैटिक टेस्टिंग तथा अन्य निर्माण कार्यों को निर्धारित तकनीकी मापदंडों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संपादित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि योजना के पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके।

About The Author