पीएम किसान सम्मान निधि बनी खेती-किसानी का मजबूत संबल
मुंगेली 03 नवंबर 2026/sns/- खेती-किसानी में छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होती है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना इसी दिशा में किसानों का भरोसेमंद सहारा बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से किसान खेती से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा कर रहे हैं और कृषि कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ा रहे हैं।
जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम दौना निवासी किसान श्री डोंगरेश साहू भी इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत उन्हें प्रतिवर्ष 06 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। यह राशि खेती-किसानी के कार्यों में काफी मददगार साबित होती है। विशेष रूप से खाद सहित कृषि संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में इससे सहूलियत मिलती है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय-समय पर मिलने वाली यह सहायता खेती के खर्चों को पूरा करने में उपयोगी है। किसान श्री साहू ने इस जनकल्याणकारी योजना के संचालन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किश्त की राशि देशभर के पात्र किसानों के खातों में अंतरित की। इस अवसर पर जिले के 86 हजार 231 पात्र किसानों के खातों में कुल 17 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई। इससे जिले के हजारों किसान परिवारों को आर्थिक संबल मिला। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को कृषि संबंधी आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। इस सहायता राशि से किसान अपनी खेती की जरूरतों को पूरा करने में मदद प्राप्त कर रहे हैं।