जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम में ‘आकांक्षा हाट’ बना आकर्षण का केंद्र

अम्बिकापुर, 03 नवम्बर 2026/sns/-   छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रदर्शनी लगाई गई।
कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं एवं आजीविका गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।इस अवसर पर नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत लखनपुर द्वारा ‘आकांक्षा हाट’ का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीण महिलाओं एवं स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित गोदना कला की साड़ियाँ, हस्तनिर्मित स्टॉल, चाबी के छल्ले, मिट्टी के बर्तन, बाँस की टोकरियां, सूप एवं स्थानीय खाद्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
आकर्षक हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। लोगों ने महिलाओं की कला एवं कौशल की सराहना करते हुए उत्पादों की खरीदारी भी की। ‘आकांक्षा हाट’ ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता, स्थानीय कला-संस्कृति के संरक्षण एवं ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की एक सराहनीय पहल रही।

About The Author