शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय दुर्ग में प्रथम बैच का दीक्षारंभ
दुर्ग, 17 नवम्बर 2026/sns/- शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय दुर्ग के प्रथम बैच के बी.पी.टी. (बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी) प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए 16 से 21 नवंबर 2026 तक छह दिवसीय ‘दीक्षारंभ’- इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन चंदूलाल चंद्राकर स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, दुर्ग में किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ 16 नवंबर 2026 को ओरिएंटेशन कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह के साथ हुआ। यह अवसर शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय दुर्ग के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि महाविद्यालय के प्रथम बैच के विद्यार्थियों के शैक्षणिक सफर की औपचारिक शुरुआत हो रही है।
उद्घाटन समारोह में डॉ. अमित अग्रवाल चिकित्सा अधीक्षक शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल दुर्ग, डॉ. नितिन वले विभागध्यक्ष अस्थिरोग विभाग, डॉ. मनीष पाटिल विभागध्यक्ष जनरल मेडिसिन, डॉ. स्वाति हिवाले विभागध्यक्ष बायोकेमिस्टरी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल दुर्ग, डॉ. चानन गोयल प्राचार्य शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय दुर्ग, डॉ. शालिनी सिंघल नोडल अधिकारी शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय दुर्ग तथा चंदूलाल चंद्राकर स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय दुर्ग के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें फिजियोथेरेपी शिक्षा, महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, संस्थागत गतिविधियों एवं व्यावसायिक दायित्वों से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों को उनके नए शैक्षणिक परिवेश के संबंध में जानकारी देने के साथ-साथ एक अनुशासित, सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण में सीखने के लिए प्रेरित किया गया।
दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालयीन शिक्षा से उच्च शिक्षा की ओर सहज रूप से अग्रसर करना तथा उन्हें महाविद्यालय के वातावरण, शैक्षणिक अपेक्षाओं, नियमों एवं विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराना है। इस दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर ज़ोर दिया गया।
फिजियोथेरेपी स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण अंग है, जो रोगियों की शारीरिक कार्यक्षमता में सुधार, गतिशीलता एवं स्वतंत्रता को बढ़ावा देने तथा जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में एक कुशल फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, धैर्य, समर्पण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं मानवीय मूल्यों का होना भी आवश्यक है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को इन व्यावसायिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बेसिक लाइफ सपोर्ट में कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन का प्रशिक्षण डॉ मनीष कुमार, असिस्टेंट प्रोफ़ेसर, निश्चेतना विभाग, चंदूलाल चंद्राकर स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, दुर्ग द्वारा दिया गया।
शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, दुर्ग का यह प्रथम बैच संस्थान की शैक्षणिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं व्यक्तित्व विकास की मजबूत नींव रखने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में एक सक्षम, संवेदनशील एवं समर्पित स्वास्थ्य पेशेवर बनने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया है।