घर बैठे ऑनलाइन टोकन से आसान हुई धान बिक्री, रामपुर केंद्र में 7 ग्राम पंचायतों के 826 किसानों को मिल रही सुविधा
अम्बिकापुर, 17 नवम्बर 2026/sns/- किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और धान बिक्री की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। जिले के रामपुर धान खरीदी केंद्र में सात ग्राम पंचायतों के 826 पंजीकृत किसानों से धान खरीदी की जा रही है। इस केंद्र से रामपुर, चिताबहार, सरईटिकारा, नावांबांध, पोड़ी, हरिहरपुर और परसोडी ग्राम पंचायतों के किसान लाभान्वित हो रहे हैं। धान खरीदी का शुभारंभ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने किया। इस दौरान किसानों में अपनी उपज बेचने को लेकर उत्साह देखने को मिला।
धान खरीदी की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए शुरू की गई ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप सुविधा किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। अब किसान घर बैठे ही मोबाइल के माध्यम से धान बिक्री का टोकन प्राप्त कर रहे हैं। इससे उन्हें टोकन के लिए उपार्जन केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और वे अपनी सुविधा के अनुसार धान बिक्री के लिए पहुंच रहे हैं।
बेटे ने घर बैठे काटा टोकन, 22 क्विंटल धान बेचने पहुंचे भुवनेश्वर राम
ग्राम रामपुर निवासी किसान भुवनेश्वर राम राजवाड़े के पास लगभग सवा एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने मोबाइल से ऑनलाइन टोकन कटवाया, जिससे उन्हें काफी सुविधा मिली। वे 22 क्विंटल धान लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि केंद्र में धान खरीदी की व्यवस्था अच्छी है और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी होने से खेती-बाड़ी के कार्यों के लिए आर्थिक सहायता मिलती है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के लिए घर बैठे टोकन की सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है।
घर बैठे टोकन प्राप्त कर, धान बेचने पहुंचे इतबल राम
ग्राम पोड़ी खुर्द निवासी किसान इतबल राम ने भी ‘तुंहर टोकन’ ऐप की सुविधा का लाभ लिया। उन्होंने अपने भतीजे के मोबाइल से घर बैठे ही 20 क्विंटल धान बिक्री का टोकन प्राप्त किया। उनके पास कुल 64 क्विंटल धान का रकबा है। उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र में बारदाना उपलब्ध हो गया है और धान की तौलाई भी व्यवस्थित तरीके से हो रही है। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। इतबल राम ने कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी होने से खेती-किसानी के कार्यों में मदद मिल रही है। उन्होंने किसानों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया।
सात ग्राम पंचायतों के किसानों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र
आदिमजाति सेवा सहकारी समिति केंद्र रामपुर में सात ग्राम पंचायतों के 826 पंजीकृत किसान अपनी उपज का विक्रय कर रहे हैं। ऑनलाइन टोकन सुविधा, बारदाना की उपलब्धता और सुव्यवस्थित तौलाई जैसी व्यवस्थाओं से किसानों को धान बिक्री में सहूलियत मिल रही है। शासन की इन व्यवस्थाओं से किसानों का समय बच रहा है और वे बिना अनावश्यक भागदौड़ के अपनी उपज का विक्रय कर पा रहे हैं।