चेक बाउंस के मामलों के त्वरित निराकरण हेतु 21 नवम्बर 2026 को विशेष लोक अदालत का होगा आयोजन

अम्बिकापुर, 17 नवम्बर 2026/sns/-  राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बिकापुर  के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  द्वारा 21 नवम्बर 2026  को परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 (Negotiable Instruments Act, 1881) की धारा 138 के अंतर्गत दर्ज चेक अनादरण (चेक बाउंस) के प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है

इस विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य चेक बाउंस से संबंधित लंबित न्यायालयीन प्रकरणों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। इस विशेष लोक अदालत में केवल परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के अंतर्गत दर्ज चेक बाउंस के प्रकरणों का ही निराकरण किया जाएगा।

लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण होने पर पक्षकारों को अनावश्यक न्यायालयीन कार्यवाही एवं समय की बचत होती है तथा आपसी विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव हो पाता है।

विशेष लोक अदालत केवल एक न्यायिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विवादों को आपसी सहमति से समाप्त करने तथा समय एवं संसाधनों की बचत करने का एक प्रभावी माध्यम है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चेक बाउंस के प्रकरणों से संबंधित सभी पक्षकारों से विशेष अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए सक्रिय सहभागिता निभाएं, आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान करें तथा इस आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

विशेष लोक अदालत के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने अथवा निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह हेतु आम नागरिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बिकापुर अथवा तालुका विधिक सेवा समिति सीतापुर सहित जिले की संबंधित तालुका विधिक सेवा समितियों में संपर्क कर सकते हैं।

About The Author