विशेष ग्रामसभा मे पंचायतों ने लिया बाल विवाह मुक्त बनने का संकल्प
बलौदाबाजार,18 नवम्बर 2026/sns/- बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया गया। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के आदेशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अतुल परिहार के मार्गदर्शन में सोमवार को जिले की पांच पंचायतों में विशेष ग्रामसभाएं आयोजित की गईं। इनमें वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को पूरा करने के लिए ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया। ग्रामसभाओं में बाल विवाह मुक्त गांव और पंचायत बनाने के साथ इस सामाजिक कुरीति को रोकने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने की शपथ ली गई।
ग्रामीणों को बताए बाल विवाह के दुष्परिणाम-विशेष ग्रामसभाओं के दौरान जिला बाल संरक्षण इकाई,महिला सशक्तिकरण तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की संयुक्त टीम ने ग्रामीणों को बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। टीम ने बताया कि बाल विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के रास्ते में बड़ी बाधा है। कम उम्र में विवाह होने से विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित होती है और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए बाल विवाह को रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।
पंचायत स्तर पर रोकथाम के लिए सामूहिक पहल-ग्रामसभाओं में स्थानीय ग्रामीणों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों और अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पंचायत स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और बाल विवाह की संभावनाओं को समय रहते रोकने के लिए समुदाय की सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया।