बीजापुर में खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान तेज
बीजापुर, 23 नवंबर 2026/sns/- आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छता पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार प्रदेशभर में “सुरक्षित आहार, हमारा अधिकार” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी तारतम्य में कलेक्टर श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार जिला बीजापुर में होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैफे, नाश्ता सेंटर एवं स्ट्रीट फूड वेंडर्स का औचक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पंजीयन एवं लाइसेंस की उपलब्धता, खाद्य सामग्री के रखरखाव, स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता तथा सुरक्षित तरीके से भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
स्ट्रीट फूड वेंडर्स का निरीक्षण, खाद्य पंजीयन कराने के दिए निर्देश
अभियान के तहत 20 नवंबर 2026 को अभिहित अधिकारी श्री डी.के. देवांगन द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं स्ट्रीट फूड वेंडर्स का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कार्टून कट्टा फूड सेंटर, एग रोल सेंटर, नाश्ता सेंटर तथा चाट-गुपचुप ठेला सहित अन्य स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कई स्ट्रीट फूड वेंडर्स के पास खाद्य पंजीयन नहीं पाया गया। इस पर संबंधित संचालकों को नियमानुसार खाद्य पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य सामग्री को ढककर रखने, भोजन तैयार करते समय हेयर कैप पहनने तथा डिस्पोजेबल सामग्री का उपयोग करने की समझाइश दी गई। खाद्य पदार्थों को खुले में रखने से बचने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
रेस्टोरेंट एवं कैफे में मिली अनियमितताएं, खाद्य लाइसेंस की भी हुई जांच
इसी क्रम में 23 नवंबर 2026 को अभिहित अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा मेसर्स दक्षिण एशिया रेस्टोरेंट, मेसर्स फरमाइश रेस्टोरेंट एवं मेसर्स लिटिल हार्ट कैफे का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स दक्षिण एशिया रेस्टोरेंट के पास मौके पर खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया। इस संबंध में बिना खाद्य लाइसेंस खाद्य कारोबार किए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने संचालकों को खाद्य कारोबार से संबंधित आवश्यक वैधानिक प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए।
खाद्य सामग्री के रखरखाव एवं रसोई की स्वच्छता में मिली कमियां
मेसर्स फरमाइश रेस्टोरेंट के निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण कमियां सामने आईं। जांच में कोल्ड ड्रिंक के साथ उपयोग के लिए एक्सपायरी फ्लेवर खरीदी कर लाया जाना पाया गया। इसके अलावा हरी सब्जियों को सुरक्षित रखने के लिए उचित व्यवस्था नहीं मिली। रसोई के अंदर ही बर्तन धोने का कार्य किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा कच्चे एवं पके खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण तथा रसोई में स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पाई गई इन अनियमितताओं को दूर करने के लिए संबंधित संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करने की अनुशंसा की गई।
खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए रायपुर भेजे गए
खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नमूना संकलन की कार्रवाई भी की गई। मेसर्स दक्षिण एशिया रेस्टोरेंट से चिकन ग्रेवी तथा मेसर्स लिटिल हार्ट कैफे से कटा हुआ केला, राइस बिरयानी और पनीर के नमूने लिए गए हैं। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर प्रशासन की विशेष नजर
खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी। अभियान का उद्देश्य केवल अनियमितताओं की पहचान करना ही नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित खाद्य सामग्री तैयार करने, उचित भंडारण, स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित मानकों का पालन करने के प्रति जागरूक करना भी है।
प्रशासन द्वारा खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया जा रहा है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन की अनिवार्यता सुनिश्चित करें तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित रखरखाव को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। आम नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ी इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए जिले में “सुरक्षित आहार, हमारा अधिकार” अभियान के तहत जांच एवं आवश्यक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।