आत्मनिर्भर दलहन मिशन के तहत कृषक प्रशिक्षण आयोजित
बलौदाबाजार,23 नवम्बर 2026/sns/- विकासखण्ड पलारी के ग्राम पंचायत खपरी-भ में आत्मनिर्भर दलहन योजनांतर्गत एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को फसल विविधीकरण, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, मिट्टी परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा व्यावसायिक खेती के माध्यम से कृषि को लाभकारी बनाने की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को केवल धान की फसल पर निर्भर रहने के बजाय दलहन, तिलहन एवं अन्य वैकल्पिक फसलों को अपनाकर फसल विविधीकरण करने के लिए प्रेरित किया।उप संचालक कृषि दीपक नायक नायक ने किसानों को फसल चक्र अपनाने, दलहन एवं तिलहन फसलों को शामिल करने तथा मिट्टी परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने किसानों के मोबाइल में “फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल ऐप’ इंस्टॉल करवाकर आगामी रबी सीजन में उर्वरक प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन टोकन बुकिंग की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों ने किसानों को संतुलित मात्रा में उर्वरकों एवं कीटनाशकों के उपयोग, जैविक खाद एवं जैव उर्वरकों के महत्व तथा प्राकृतिक खेती की उपयोगिता के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि मिट्टी परीक्षण के आधार पर आवश्यक पोषक तत्वों का उचित मात्रा में उपयोग करने से मिट्टी की उर्वरता एवं स्वास्थ्य बनाए रखने, खेती की लागत कम करने तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पादन मे बढ़ोतरी होती है।