एक व्हाट्सऐप ग्रुप से बच रही सड़क दुर्घटना पीड़ितों की जिंदगियां
सुकमा, 26 नवम्बर 2026/sns/-दूरस्थ और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले सुकमा जिले में अब सड़क दुर्घटना के बाद किसी भी घायल को इलाज या पैसों के अभाव में जिंदगी की जंग नहीं हारनी पड़ेगी। जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल ‘सुकमा मॉडल’ ने साबित कर दिया है कि यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो सीमित संसाधनों और कम नेटवर्क वाले इलाकों में भी तकनीक के सहारे आमजन के लिए ‘जीवन रक्षक’ तंत्र खड़ा किया जा सकता है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में 29 जुलाई 2026 को शुरू किए गए एक साधारण व्हाट्सऐप आधारित ‘रैपिड रिस्पॉन्स ग्रुप’ के माध्यम से आज सुकमा, कोंटा और छिंदगढ़ के ग्रामीण इलाकों में होने वाली दुर्घटनाओं की सूचना पलक झपकते ही प्रशासन तक पहुंच रही है, जिससे पीड़ितों को गोल्डन आवर में त्वरित और पूरी तरह कैशलेस उपचार मिल रहा है।
इस मानवीय और अभिनव मॉडल की सबसे बड़ी ताकत चार प्रमुख विभागोंकृस्वास्थ्य, पुलिस, जिला प्रशासन और एनआईसी (NIC)—का एक ही डिजिटल मंच पर एकजुट होकर काम करना है। जैसे ही 112 या अस्पताल के माध्यम से किसी दुर्घटना की खबर ग्रुप में साझा होती है, पूरा तंत्र एक परिवार की तरह पीड़ित की जान बचाने में जुट जाता है। महज 24 घंटे के भीतर पीएम-राहत (PM-RAHAT) पोर्टल पर पंजीयन से लेकर पुलिस सत्यापन और आयुष्मान भारत के तहत निःशुल्क उपचार का पैकेज ब्लॉक करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाती है। जिला कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ की सीधी निगरानी और सीएमएचओ डॉ. भुवन विजय कुर्रे के नेतृत्व में स्वास्थ्य व तकनीकी टीम के इस साझा प्रयास ने कागजी देरी को खत्म कर सीधे इंसान की जान को प्राथमिकता दी है।
सुकमा प्रशासन के इस कम लागत वाले, लेकिन अत्यंत प्रभावी नवाचार की गूंज अब राष्ट्रीय स्तर पर भी सुनाई दे रही है। हाल ही में जिले के दौरे पर आई केंद्रीय समीक्षा मिशन (CRM) की टीम ने जब इस बहुविभागीय समन्वय मॉडल को करीब से देखा, तो वे प्रशासन की इस दूरदर्शिता और टीम वर्क की सराहना किए बिना नहीं रह सके। केंद्रीय टीम ने माना कि सुकमा का यह मॉडल देश के अन्य आदिवासी बहुल और दुर्गम जिलों के लिए एक मिसाल और अनुकरणीय मार्गदर्शक है, जो यह सिखाता है कि तकनीक और संवेदनशील प्रशासन के मेल से किसी भी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।