बिना रॉयल्टी रेत ढो रहे 03 ट्रैक्टर, 01 हाईवा और 01 जेसीबी जब्त

सुकमा, 26 नवम्बर 2026/sns/-जिले में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और अवैध खनिज गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग के संयुक्त जांच दल ने झापरा वन नाका क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर रेत माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। प्रशासन की इस त्वरित और सख्त घेराबंदी से अवैध उत्खनन व परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।
इस संयुक्त अभियान के दौरान टीम ने गौण खनिज साधारण रेत के अवैध उत्खनन और बिना वैध अभिवहन पास के परिवहन में लिप्त कुल 05 वाहनों को धर दबोचा। कार्रवाई के तहत 18 नवंबर को 03 ट्रैक्टर (क्रमांक MBNABAVBANRC03018, CG 26 J 2523 एवं CG 26 J 5080) तथा 23 नवंबर को मलकानगिरी (ओडिशा) के चालकों से जुड़े 01 हाईवा (OD 30 H 9196) और 01 जेसीबी (चेचिस क्रमांक HAR3DX5502522647) को मौके से रेत लोडिंग एवं अनलोड करते हुए जब्त किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पकड़े गए सभी 05 वाहन चालकोंकृ देवा कुंजाम, हड़मा, दुला पोड़ियामी, गदाधर मालकर और मनीष पटेल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71(5), खान एवं खनिज (विकास तथा विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(5) और छत्तीसगढ़ खनिज नियम 2009 के तहत सख्त दण्डात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन ने सभी खनिज ठेकेदारों और परिवहनकर्ताओं को पुनः सख्त चेतावनी दी है कि बिना वैध रॉयल्टी और अभिवहन पास के खनिज परिवहन एक गंभीर दण्डनीय अपराध है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले भर में खनिज अमले द्वारा निरंतर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस सफल कार्रवाई में राजस्व अमला, खनि निरीक्षक, खनिज जांच दल और सिटी कोतवाली सुकमा के पुलिस बल का सराहनीय योगदान रहा।

About The Author