बाल विवाह मुक्त भारत अभियान: ग्राम रौनाकापा में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों को किया जागरूक
मुंगेली, 27 नवंबर 2026/sns/- बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की रक्षा के उद्देश्य से जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को बाल विवाह की रोकथाम के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में विकासखंड पथरिया के ग्राम पंचायत रौनाकापा में जनचौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास को प्रभावित करता है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों के सामने शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक चुनौतियां उत्पन्न होती हैं। इसलिए बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जनचौपाल में ग्रामीणों को बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूक करते हुए कहा गया कि इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए परिवार, समाज और समुदाय के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर समय रहते संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों एवं प्रशासन को सूचित करना चाहिए, ताकि बच्चों के अधिकारों और भविष्य की रक्षा की जा सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्य और महत्व की जानकारी देते हुए बाल विवाह नहीं करने, न होने देने तथा अपने गांव और समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने तथा संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 27 नवंबर को मनाए जाने वाले ‘बाल विवाह, कम उम्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर जिले में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसी क्रम में विभिन्न शासकीय कार्यालयों, स्कूलों एवं महाविद्यालयों में भी बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली गई। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना, बच्चों को शिक्षा एवं सुरक्षित बचपन का अधिकार सुनिश्चित करना तथा सामूहिक प्रयासों से बाल विवाह जैसी कुप्रथा का उन्मूलन करना है।