12 दिसंबर को आयोजित होगी नेशनल लोक अदालत
मुंगेली, 27 नवंबर 2026/sns/- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के तत्वावधान में आगामी 12 दिसंबर 2026 को जिला न्यायालय मुंगेली एवं व्यवहार न्यायालय लोरमी में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत को सफल बनाने तथा न्यायालयों में लंबित अधिक से अधिक प्रकरणों का आपसी सहमति एवं राजीनामा के माध्यम से निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी की अध्यक्षता में अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित की गई।
जिला न्यायालय परिसर स्थित लॉयर्स हॉल में आयोजित बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी ने आगामी नेशनल लोक अदालत की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिवक्ताओं से न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों को अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में प्रस्तुत कराने तथा उनका आपसी सहमति से निराकरण कराने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित, सरल एवं आपसी सहमति से समाधान का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से पक्षकारों को अनावश्यक न्यायालयीन प्रक्रिया, समय और खर्च से राहत मिलती है तथा आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए विवादों का समाधान संभव होता है। उन्होंने जिले के सभी अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने पक्षकारों को नेशनल लोक अदालत के महत्व एवं लाभों की जानकारी दें और पक्षकारों के मध्य आपसी राजीनामा स्थापित कराने में न्यायालय को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।
बैठक में प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राकेश कुमार सोम तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली श्री सतीश कुमार खाखा उपस्थित रहे। इसके अलावा चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम मुंगेली श्री टीकम चंद्राकर, डिप्टी चीफ श्री राजेश मिरे, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री जीवन लाल बंजारा, श्री रविन्द्र छाबड़ा, श्रीमती विजेता चंद्रवंशी, श्री विजेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिवक्ताओं की उपस्थिति रही।