शासन की महत्वपूर्ण योजना, कार्य में लाए प्रगति–कलेक्टर श्रीमती प्रजापति

मोहला, 19 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज जिला कार्यालय के सभा कक्ष में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जिले में चल रहे कार्यों की प्रगति को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले को प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलना चाहिए। इसके लिए जमीनी स्तर पर कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता है। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कनिष्ठ एवं सहायक अभियंताओं को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पंजीयन एवं सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापना की संख्या बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को योजना की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कार्य एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभागीय अधिकारी ने जानकारी दी कि सोलर प्लांट स्थापना हेतु हितग्राहियों द्वारा वेंडरों का चयन किया जा चुका है। इस पर कलेक्टर ने चयनित वेंडरों को निर्देशित किया कि वे सोलर प्लांट की स्थापना का कार्य शीघ्र पूर्ण कर योजना की प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्य में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित लंबित बैंक ऋण प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों को हितग्राहियों के लंबित ऋण प्रकरणों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बैठक में उपस्थित बैंक अधिकारियों को ऋण अस्वीकृत (रिजेक्ट) प्रकरणों की एक-एक कर समीक्षा करने तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्र ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने निर्देशित किया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विद्युत विभाग, बैंक एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि जिले के अधिक से अधिक नागरिक प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *