जिले में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान प्रारंभ

मुंगेली, 31 जनवरी 2026/sns/- राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत मुंगेली जिले में “भेदभाव खत्म करना, गरिमा सुनिश्चित करना’’ थीम पर 13 फरवरी तक स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रह है। इस अभियान का उद्देश्य कुष्ठ रोग के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर कर समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा रोग से जुड़े भेदभाव को समाप्त करना है। कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों को सामाजिक, शैक्षणिक, रोजगार एवं वैवाहिक जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जागरूकता की कमी और गलतफहमियों के कारण यह बीमारी अक्सर छिपी रह जाती है, जिससे इलाज में देरी होती है। इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यह अभियान प्रतिवर्ष देशभर में चलाया जाता है।
अभियान की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर नवीन जिला अस्पताल, कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मुंगेली तथा खंड चिकित्सा अधिकारियों के कार्यालयों में गांधीजी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कुष्ठ रोग से जुड़े कलंक को दूर करने तथा समाज में समानता और सम्मान का वातावरण बनाने की शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना भी की गई। इस अवसर पर जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. सुदेश रात्रे, खंड चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सकगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एमटी एवं मितानिनों सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *