मनरेगा के कार्य को समय में पूर्ण करने के साथ कार्याें में लगाये पूर्णता प्रमाण पत्र – कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबेपीएम आवास के तहत निर्माण कार्याें को समय-सीमा करने के दिए निर्देश विकसित भारत जी राम जी योजना का प्रचार-प्रसार करने व सूचना-शिक्षा-संचार गतिविधियां आयोजित करने के दिए निर्देश 

 जांजगीर-चांपा, 12 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय सभाकक्ष में बैठक लेकर महात्मा गांधी नरेगा एवं पीएम आवास के कार्याें की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर श्री महोबे ने महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत संचालित समस्त निर्माण कार्यों में कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मनरेगा अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित 15 मार्च 2026 की समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान नियमित निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कहा कि मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका सृजन के साथ-साथ उपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण किया जाना चाहिए। कार्यों की गुणवत्ता जांच हेतु तकनीकी अमले को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान जल संरक्षण, कृषि, आजीविका के कार्यों को प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जनभागीदारी से सोखता गड्ढा बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित कार्यों को प्राथमिकता के साथ प्रारंभ करने, लंबे समय से अप्रारंभ आवास कार्यों को शीघ्र शुरू करने तथा निर्धारित समय-सीमा में आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने मनरेगा अंतर्गत पंजीकृत समस्त श्रमिकों का ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र परिवार को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवास निर्माण में आ रही सभी समस्याओं को तत्काल दूर किया जाए एवं निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभावी प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि योजना की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर सूचना-शिक्षा-संचार गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि आम नागरिक योजना से अवगत हो सकें। इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ, प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा, जिला समन्वयक पी एम आवास एवं जनपद स्तर के अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *