जिला जेल में 5 दिवसीय योग शिविर का समापनयोग को दिनचर्या में शामिल करने का बंदियों ने लिया संकल्प

रायगढ़, 02 फरवरी 2026/sns/- जिला जेल रायगढ़ में पांच दिवसीय योग शिविर आज उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य बंदियों को मानसिक शांति, शारीरिक सुदृढ़ता और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण की ओर प्रेरित करना था। कार्यक्रम के समापन अवसर पर जेल परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रातःकाल योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास कराए गए। बंदियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। नियमित अभ्यास के माध्यम से तनाव मुक्ति, एकाग्रता और आत्मविश्वास में वृद्धि पर विशेष जोर दिया गया।
समापन कार्यक्रम में जेल अधीक्षक श्री जी.एस.शोरी ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक तनाव को कम कर आत्मअनुशासन, धैर्य और सकारात्मक सोच का विकास करता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्यवर्धक एवं सुधारात्मक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में योग प्रशिक्षक राजेश कुमार कन्नोजे का सम्मान किया गया। बंदियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि योग अभ्यास से उन्हें आंतरिक शांति, नई ऊर्जा और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्राप्त हुआ है। पांच दिवसीय योग शिविर के दौरान जेल परिसर में सकारात्मकता एवं आत्मविश्वास का वातावरण सुदृढ़ हुआ।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *