महतारी वंदन योजना: हर माह की सहायता राशि बनी सहारा

मुंगेली, 17 मार्च 2026/sns/- राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित कर रही है। इस योजना से अनेक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। इसी कड़ी में जिले के पथरिया विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मदकू की निवासी श्रीमती चंद्रकली राय इसकी प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी हैं। श्रीमती चंद्रकली राय एक साधारण गृहिणी हैं, जो अपने घर के पास सड़क किनारे एक छोटा सा जनरल स्टोर संचालित करती हैं। पहले सीमित पूंजी के कारण वे अपनी दुकान में अधिक सामान नहीं रख पाती थीं, जिससे आमदनी भी सीमित थी।
महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली प्रतिमाह 01 हजार रुपये की सहायता राशि का सदुपयोग करते हुए उन्होंने अपनी दुकान के लिए किराना सामान खरीदना शुरू किया। धीरे-धीरे उन्होंने दुकान में आवश्यक वस्तुओं का स्टॉक बढ़ाया, जिससे ग्राहकों की संख्या भी बढ़ने लगी। आज उनकी दुकान पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और समृद्ध हो गई है। इससे उनकी आय में भी वृद्धि हुई है और वे अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रही हैं। श्रीमती चंद्रकली राय ने बताया कि महतारी वंदन योजना ने उन्हें न केवल आर्थिक सहायता दी है, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास भी दिया है। उन्होंने इसके लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *