प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत युवाओं को 50 लाख तक ऋण
मोहला, 01 अप्रैल 2026/sns/-जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आकर्षक अवसर प्रदान किया जा रहा है। योजना के तहत विनिर्माण इकाइयों के लिए अधिकतम 50 लाख रुपए तथा सेवा एवं व्यवसाय क्षेत्र के लिए 20 लाख रुपए तक का ऋण बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।
इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ राज्य का निवासी होना, 18 वर्ष की आयु पूर्ण करना तथा किसी भी बैंक या वित्तीय संस्था का चूककर्ता न होना अनिवार्य है। साथ ही एक परिवार से केवल एक ही सदस्य आवेदन कर सकता है और पूर्व में किसी अन्य शासकीय योजना के अंतर्गत अनुदान प्राप्त कर चुके आवेदक पात्र नहीं होंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी http://www.kviconline.gov.in पर ‘DIC’ विकल्प का चयन कर निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए परियोजना प्रतिवेदन, पहचान व निवास प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता, जन्म तिथि, जाति प्रमाण पत्र, भूमि/भवन संबंधी दस्तावेज एवं मशीनरी के कोटेशन अपलोड करना आवश्यक होगा। योजना के अंतर्गत पात्रता अनुसार 15 से 35 प्रतिशत तक मार्जिन मनी अनुदान भी प्रदान किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए महाप्रबंधक श्री रामकुमार गुप्ता से मोबाइल नंबर 9993135588 पर संपर्क कर सकते हैं।