’मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा’ से साकार हो रहे उच्च शिक्षा के सपने

अम्बिकापुर, 06 अप्रैल 2026/sns/-  जिले के दूरस्थ अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल अब रंग ला रही है। ’मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना’ केवल आवागमन का साधन मात्र नहीं, बल्कि ग्रामीण छात्र-छात्राओं के भविष्य की नई जीवनरेखा बन गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुसार लूण्ड्रा विकासखंड के ग्राम जमड़ी में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के पहुंचने से शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

बाधाएं हुईं दूर, हौसलों को मिली उड़ान
कल तक जो ऊबड़-खाबड़ रास्ते और भौगोलिक दूरियां ग्राम जमड़ी की बेटियों के लिए कॉलेज पहुँचने में बाधा बनी हुई थीं, आज वही रास्ते सुलभ परिवहन के कारण सफलता का मार्ग बन गए हैं। इस बदलाव की कहानी साझा करते हुए स्नातक की छात्रा प्रीति यादव बताती हैं कि उनके गाँव से अंबिकापुर की दूरी तय करना एक बड़ी चुनौती थी। उन्होंने बताया कि हमने कॉलेज की पढ़ाई तो शुरू कर ली थी, लेकिन पहुँचने का कोई निश्चित साधन नहीं था। कभी ऑटो के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था, तो कभी अजनबियों से लिफ्ट मांगकर कॉलेज जाना हमारी मजबूरी थी। इससे पढ़ाई और सुरक्षा दोनों की चिंता सताती थी। लेकिन मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा शुरू होने से अब बस सीधे हमारे गाँव तक आती है। अब हम बिना किसी डर और देरी के अपनी रेगुलर क्लास अटेंड कर पा रहे हैं।


सुशासन का मिला सीधा लाभ

योजना के क्रियान्वयन से अब जमड़ी की दर्जनों छात्राएं नियमित रूप से उच्च शिक्षा संस्थान पहुँच रही हैं। प्रीति की तरह अन्य छात्राओं के चेहरों पर आई मुस्कान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और ’अंतिम छोर तक विकास’ के संकल्प को सिद्ध कर रही  है।

योजना के लिए जताया आभार

गाँव को सीधे जिला मुख्यालय (अंबिकापुर) से जोड़ने वाली मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के लिए प्रीति यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि है इस योजना ने न केवल छात्राओं की राह आसान की है, बल्कि आर्थिक रूप से भी राहत पहुंचाया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *