दिव्यांगजनों के लिए विशेष पहल बीजापुर में ब्लॉक स्तर पर दिव्यांगजनों के उपचार परीक्षण और मूल्यांकन के लिए शिविरों का आयोजन
बीजापुर, 06 अप्रैल 2026/sns/- उप संचालक, समाज कल्याण विभाग जिला बीजापुर द्वारा दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान एवं उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु ब्लॉक स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों का चिन्हांकन, पंजीयन, यूडीआईडी (UDID) कार्ड निर्माण, मूल्यांकन परीक्षण तथा आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। साथ ही नवीन पेंशन प्रकरणों का निराकरण भी किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह शिविर 13 अप्रैल 2026 को बीजापुर ब्लॉक के पाडिया, 14 अप्रैल 2026 को भैरमगढ़ ब्लॉक के फरसेगढ़, 16 अप्रैल 2026 को भोपालपटनम ब्लॉक के दम्मूर एवं 22 अप्रैल 2026 को उसूर ब्लॉक के पुजारी कांकेर में आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर प्रातः 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे।
शिविरों में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा दिव्यांगजनों का परीक्षण किया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों को आवश्यक उपकरण प्रदान करने हेतु चयन किया जाएगा। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा समुचित सहयोग प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक दिव्यांगजनों से इन शिविरों में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।