नौनिहाल छात्रवृत्ति से श्रमिक परिवार के सपनों को मिली नई उड़ान
मोहला, 07 अप्रैल 2026/sns/-जिले मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 06 में रहने वाली श्रीमती प्रतिभा निषाद, जो एक पंजीकृत निर्माण श्रमिक हैं, अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करती रही हैं। सीमित आय और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनका एक ही सपना था कि उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले।
यह सपना तब साकार होता दिखा, जब उनके पुत्र नेहाल निषाद को “मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना” के अंतर्गत छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त हुआ। यह योजना श्रम विभाग के तहत संचालित होकर पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करती है, जिससे वे बिना किसी बाधा के अपने अध्ययन को आगे बढ़ा सकें। नेहाल को मिली इस सहायता राशि ने न केवल उसकी पढ़ाई को आसान बनाया, बल्कि उसके आत्मविश्वास को भी नई ऊंचाई दी। अब वह अपने सपनों को साकार करने की दिशा में और अधिक उत्साह से आगे बढ़ रहा हैं। इस योजना की खास बात यह है कि इसमें कक्षा 1 से लेकर स्नातकोत्तर, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, यहां तक कि पीएचडी और शोध कार्य करने वाले विद्यार्थियों को भी 1 हजार से 10 हजार तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। साथ ही, इसमें अंकों की कोई अनिवार्यता नहीं है, जिससे अधिक से अधिक श्रमिक परिवारों के बच्चे इसका लाभ उठा सकते हैं।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में जिले को 800 छात्रों को लाभान्वित करने का लक्ष्य मिला था, लेकिन विभाग के प्रयासों से 2856 छात्रों को स्वीकृति दी गई, जो लक्ष्य का लगभग 357 प्रतिशत है। यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि योजना न केवल सफल है, बल्कि ज़रूरतमंद परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंच भी रही है। श्रीमती प्रतिभा निषाद का परिवार योजना का प्रत्यक्ष उदाहरण है कि सही अवसर और सहयोग मिलने पर श्रमिकों के बच्चे भी अपने सपनों को नई दिशा दे सकते हैं। यह पहल न केवल शिक्षा को बढ़ावा दे रही है, बल्कि श्रमिक परिवारों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।