मेगा हेल्थ कैंप से  सुकमा जिले के ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत,

जगदलपुर, 07 अप्रैल 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित जिला स्तरीय “मेगा सुपर स्पेशयलिटी हेल्थ कैंप” सुकमा जिले के लिए एक ऐतिहासिक पहल साबित हुआ। विगत 28 एवं 29 मार्च को मिनी स्टेडियम सुकमा में आयोजित इस दो दिवसीय मेगा स्वास्थ्य शिविर ने दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के हजारों जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाई।

इस मेगा स्वास्थ्य शिविर में कुल 6400 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। विशेष रूप से दूर-दराज के गांवों से लगभग 3700 ग्रामीणों को बसों के माध्यम से लाकर शिविर में इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे “सरकार आपके द्वार” की भावना साकार होती नजर आई। शिविर में विभिन्न सुपर स्पेशलिटी चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को आगे के इलाज हेतु चिन्हांकित भी किया गया, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इसी क्रम में पुनर्वास केंद्र के हितग्राहियों-आत्मसमर्पित माओवादी मोड़ियम भीमाएवं श्री वेट्टी बुधू ने भी मेगा हेल्थ कैंप में स्वास्थ्य परीक्षण कराया। यह पहल दर्शाती है कि शासन द्वारा समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

हितग्राहियों के अनुभव

मोड़ियम भीमा ने बताया पहले हमें इलाज के लिए दूर जाना पड़ता था, लेकिन इस शिविर में डॉक्टरों ने अच्छी तरह जांच कर दवा दी। अब स्वास्थ्य में सुधार महसूस हो रहा है। सरकार द्वारा यहां तक सुविधा पहुंचाना हमारे लिए बहुत राहत की बात है। वहीं श्री वेट्टी बुधू ने कहा कि हम जैसे लोगों के लिए यह कैंप बहुत मददगार है। बिना खर्च के इलाज मिला और डॉक्टरों ने समझाकर इलाज बताया।

इसी क्रम में करण ने भी शिविर में पहुंचकर मुंह में हो रहे छालों की जांच कराई। लंबे समय से इस समस्या से परेशान करण को शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जांच कर उचित दवा एवं परामर्श दिया गया। जांच के बाद करण ने बताया मुंह में छाले होने से खाने-पीने में काफी दिक्कत होती थी। यहां डॉक्टरों ने अच्छे से जांच की और दवा दी, अब आराम महसूस हो रहा है ।इसी तरह ग्राम पंचायत मारोकी से पहुंचें  ग्रामीण सोढ़ी सुनील ने स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल उनके लिए बेहद लाभकारी साबित हुई है। उन्होंने बताया कि शिविर में पंजीयन से लेकर जांच, दवा वितरण और डॉक्टरों की उपलब्धता तक सभी व्यवस्थाएं बहुत अच्छी रही। ग्रामीण ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा हमारे गांव से यहां आने की व्यवस्था भी की गई और यहां पहुंचने पर किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। डॉक्टरों ने अच्छे से जांच की और दवा दी।

यह मेगा हेल्थ कैंप न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि सुकमा जिले के दूरस्थ ईलाके के ग्रामीणों को यह भरोसा भी दिलाया कि शासन उनके स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति संवेदनशील है। जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों से निकलकर जब लोग मिनी स्टेडियम पहुंचे, तो उनके लिए यह शिविर किसी वरदान से कम नहीं रहा।

About The Author