पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति कक्षा 12वीं से उच्चतर हेतु
जांजगीर-चांपा, 15 अप्रैल 2026/ sns/- छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित शासकीय/अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग कॉलेज, आई0टी0आई0 एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज आदि के प्राचार्य/संस्था प्रमुख, छात्रवृत्ति प्रभारी एवं उनमें अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछ़डा वर्ग के विद्यार्थियों (छ0ग0 के निवासी), जो विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की पात्रता रखते है, को सूचित किया जाता है कि शिक्षा सत्र 2025-26 हेतु ऑनलाईन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) के स्वीकृत एवं वितरण की कार्यवाही http://postmatric-scholarship.cg.nic.in/ वेबसाइट पर ऑनलाईन की जा रही है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि जिसके अंतर्गत विभाग द्वारा ऑनलाईन आवेदनों की लंबित संख्या को देखते हुए प्रस्ताव एवं स्वीकृति लॉक करने की अंतिम तिथि में वृद्धि की गई है। संस्थाओं में पूर्व से लंबित प्रपोजल लॉक कर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास को प्रेषित करने की अंतिम तिथि अब 18 अप्रैल 2026 तक, शासकीय संस्था/जिला कार्यालय द्वारा सेक्शन ऑडर लॉक करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल 2026 तक एवं जिला कार्यालय द्वारा भुगतान हेतु राज्य कार्यालय को प्रेषित करने की अंतिम तिथि 22 अप्रैल 2026 तक निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के पश्चात शिक्षा सत्र 2025-26 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति ऑनलाईन ड्राफ्ट लॉक/स्वीकृति आदेश लॉक करने का अवसर भी प्रदान नहीं किया जायेगा। निर्धारित तिथि तक कार्यवाही पूर्ण नहीं करने पर यदि संबंधित संस्थाओं के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते है, तो इसके लिए संस्था प्रमुख जिम्मेदार होंगे।