जनगणना 2027, बीजापुर में तैयारियां तेज, आज से स्व-गणना का मिलेगा अवसर

बीजापुर, 17 अप्रैल 2026/sns/-जनगणना 2027 को लेकर जिले में तैयारियां अब तेज हो गई हैं। कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशन में व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। नगरीय निकायों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक चौक-चौराहों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। साथ ही ऑडियो प्रचार के माध्यम से भी आमजन को जागरूक किया जा रहा है। जनगणना प्रक्रिया के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान जिले के प्रत्येक आवासीय एवं गैर-आवासीय भवन का सर्वे कर उसकी स्थिति, उपयोग और उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्रित की जाएगी। यह चरण भविष्य की विकास योजनाओं के लिए आधार तैयार करेगा। इस बार जनगणना को अधिक सरल और सहभागी बनाने के उद्देश्य से स्व-गणना की सुविधा भी दी गई है। वहीं आज 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच इच्छुक नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना करने वाले परिवारों को एक विशेष Self-Enumeration Id प्रदान की जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना आवाश्यक होगा। प्रगणक के आने पर इस आईडी के माध्यम से जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।

जनगणना के दौरान भवन की संख्या, प्रकार, उपायोग, निर्माण की स्थिति (कच्चा, पक्का या अर्ध पक्का), परिवारों की संख्या तथा पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। ये आंकड़े सामाजिक-आर्थिक योजनाओं और आधारभूत विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

चलो निभाएं अपनी जिम्मेदारी, करें जनगणना में भागीदारी- निर्धारित अवधि में अधिकृत प्रगणक पहचान पत्र के साथ घर-घर पहुंचकर जानकारी एकत्रित करेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा स्व-गणना करने वाले परिवार अपनी आईडी अवश्य साझा करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और उनका उपयोग केवल साख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने नागरिकों से इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े ही योजनाओं को प्रभावी बनाते हैं और विकास को सही दिशा देते हैं।

About The Author