आवासीय खेल अकादमी रायपुर में प्रवेश का सुनहरा मौका
सुकमा, 27 अप्रैल 2026/sns/-रायपुर जिले में संचालित विभागीय आवासीय खेल अकादमी में प्रशिक्षण हेतु वर्ष 2026-27 के लिए राज्य स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन खेल अकादमी संचालन नियम 2014 के अंतर्गत किया जा रहा है। तीरंदाजी (बालक/बालिका), फुटबॉल (बालिका) एवं वेटलिफ्टिंग (बालक/बालिका) के लिए चयन ट्रायल 28-29 अप्रैल 2026 को तथा हॉकी (बालक/बालिका) एवं एथलेटिक्स (बालक/बालिका) के लिए चयन ट्रायल 30 अप्रैल से 01 मई 2026 तक आयोजित होगा। ट्रायल प्रतिदिन प्रातः 07रू00 बजे से प्रारंभ होगा।
इस चयन ट्रायल में छत्तीसगढ़ राज्य के बालक एवं बालिका खिलाड़ी सहित अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी भाग ले सकते हैं। प्रथम दिवस खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सकीय परीक्षण एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा, रायपुर में किया जाएगा। द्वितीय दिवस खेल कौशल परीक्षण तीरंदाजी के लिए तीरंदाजी एरिना बालिका खेल छात्रावास के सामने मैदान, हॉकी के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पिच-02 तथा फुटबॉल, एथलेटिक्स एवं वेटलिफ्टिंग के लिए स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा, रायपुर में आयोजित किया जाएगा।
चयन समिति द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को शासन द्वारा निःशुल्क आवास, भोजन, शैक्षणिक व्यय, खेल परिधान, प्लेइंग किट, दुर्घटना बीमा सहित अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। चयन ट्रायल में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ी खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं या आयोजन के प्रथम दिन सीधे स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा, रायपुर में सुबह 07:00 बजे पहुंचकर पंजीयन कर ट्रायल में भाग ले सकते हैं।