सुकमा के युवा हिमाचल के कांगड़ा जिले के लिए हुए रवाना
सुकमा, 11 मई 2026/sns/-जिले के युवाओं का 20 सदस्यीय दल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बीड ग्राम में 14 से 17 मई तक आयोजित होने वाले “युवा उत्सव-2026” में भाग लेने के लिए रविवार शाम रवाना हुआ। यह दल जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करेगा और राज्य स्तर पर जिले की प्रतिभा व संस्कृति को प्रस्तुत करेगा।
इस शैक्षणिक भ्रमण एवं यूथ फेस्टिवल ट्रिप को सफल बनाने हेतु दल को कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी के मार्गदर्शन में रवाना किया गया। यात्रा के दौरान युवा दल शैक्षणिक, बौद्धिक एवं नैसर्गिक अध्ययन के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों का अनुभव प्राप्त करेंगे।
युवा उत्सव के दौरान प्रतिभागी सांस्कृतिक आदान-प्रदान के साथ साहसिक अभियानों में भी हिस्सा लेंगे, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता का विकास होगा। इस अवसर पर सहायक खेल अधिकारी श्री कमल कोसरिया भी उपस्थित रहे और युवाओं को शुभकामनाएं देकर प्रेरित किया।