पीएम गति शक्ति पोर्टल से जिले में विकास कार्यों को मिलेगा बल

दुर्ग, 14 मई 2026/sns/- पीएम गति शक्ति पोर्टल के संबंध में आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, वनमण्डलाधिकारी श्री दीपेश कपिल सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
कार्यशाला में उद्योग संचालनालय की मास्टर ट्रेनर श्रीमती मौसमी राहा, उप संचालक कुमुद मिश्रा, सहायक संचालक अनुभूति श्रेया एवं सलाहकार प्रिया ने अधिकारियों को पोर्टल की उपयोगिता और कार्य प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पीएम गति शक्ति  एक राष्ट्रीय डिजिटल मास्टर प्लान है जिसे उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT), भारत सरकार के मार्गदर्शन में भास्कराचार्य नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस एप्लीकेशन एंड जिओ इन्फॉर्मेटिक्स (BISAG-N) द्वारा तैयार एवं विकसित किया गया है तथा छत्तीसगढ़ में इसके नोडल विभाग के रूप में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग कार्यरत है। सरल शब्दों में कहें तो यह एक स्मार्ट इंटरेक्टिव मानचित्र (Map) है जिसमें सड़कें, रेलवे, नदियाँ, जंगल, गाँव, अस्पताल, स्कूल, खदाने, बिजली लाइनें इत्यादि सरकारी डेटा लेयर जैसी सभी महत्वपूर्ण जानकारियाँ एक ही स्क्रीन पर देखी जा सकती हैं। इससे जिला स्तर के अधिकारी पोर्टल के माध्यम से सीधे यह पता लगा सकते हैं कि किसी गाँव से निकटतम अस्पताल कितनी दूर है, किसी खदान के 10 किलोमीटर के दायरे में कौन-कौन से गाँव आते हैं, या किसी आदिवासी बस्ती को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए क्या योजना बनाई जाए। इस पोर्टल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि जो विश्लेषण (Analysis) पहले हफ्तों के क्षेत्र सर्वेक्षण में होता था, वह अब कुछ ही घंटों में डेटा-आधारित और सटीक निर्णय के रूप में सामने आ जाता है।

About The Author