सुशासन तिहार में संजिता के आधार कार्ड अपडेशन के साथ दूर हुई भटकने की चिंता

अम्बिकापुर, 15 मई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रहा ‘सुशासन तिहार’  ग्रामीण विकास और डिजिटल सशक्तिकरण का एक बड़ा माध्यम बनकर उभरा है। जन समस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के जीवन को सीधे तौर पर आसान बना रहे हैं। इसका एक जीवंत उदाहरण ग्राम पंचायत मुरता में देखने को मिला, जहां तकनीकी दिक्कतों और प्रशासनिक जटिलताओं को पीछे छोड़ते हुए ग्राम लंगड़ासांड़ की संजिता का आधार कार्ड मौके पर ही अपडेट कर दिया गया।

शिविर में मौके पर हुआ आधार अपडेट
पहले के समय में आधार कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेजों में सुधार या अपडेशन के लिए ग्रामीणों को कई दिनों तक तहसील मुख्यालयों और सीएससी सेंटरों के चक्कर काटने पड़ते थे। इसमें समय और मेहनत दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन सुशासन तिहार ने व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है। ग्राम लंगड़ासांड़ निवासी संजिता ने शिविर की सुगमता को लेकर कहा, पंचायत मूरता में शिविर लगा था। उसमें मैंने अपना आधार कार्ड अपडेट कराया, मुझे आधार अपडेट के लिए यहां-वहां भटकना नहीं पड़ा और मेरी जो समस्या थी, उसका समाधान हो गया।

गांव-गांव हो रहा समाधान, मुख्यमंत्री का जताया आभार
जन समस्या निवारण शिविर के माध्यम से संजिता जैसी कई ग्रामीण महिलाओं और नागरिकों को अपनी पहचान संबंधी दस्तावेजों को दुरुस्त कराने का अवसर मिला है। आधार अपडेट होने से अब संजिता के लिए राशन, बैंक खाते और अन्य कल्याणकारी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना बेहद आसान हो जाएगा। व्यवस्था की इस संवेदनशीलता और पारदर्शिता से प्रभावित होकर संजिता ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा, गांव-गांव में शिविर लग रहा है और सभी समस्याओं का समाधान हो रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को बहुत-बहुत धन्यवाद।

गांव-गांव, द्वार-द्वार पहुंच रही सुशासन की सरकार
मुरता में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में राजस्व, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां सैकड़ों ग्रामीणों के आवेदनों का त्वरित निराकरण कर उन्हें तत्काल लाभान्वित किया गया। संजिता के चेहरे पर आई यह राहत और संतोष की मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार की योजनाएं धरातल पर आम नागरिकों का जीवन संवार रही हैं।

About The Author