72 पंचायतों में चला कृषि जागरूकता अभियान
सुकमा, 21 मई 2026/sns/-कृषि विज्ञान केन्द्र, सुकमा के नेतृत्व में विकसित कृषि संकल्प अभियान 2026 के तहत जिले में किसानों को आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती से जोड़ने की दिशा में प्रशासन ने उल्लेखनीय पहल की है। राज्य शासन, जिला प्रशासन, कृषि विभाग तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के मार्गदर्शन में 05 मई से 20 मई तक चले इस अभियान के दौरान जिले के तीनों विकासखंडों की 72 ग्राम पंचायतों में व्यापक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती, जलवायु अनुकूल कृषि एवं शासन की योजनाओं से जोड़कर उनकी आय और उत्पादन क्षमता बढ़ाना रहा। अभियान के दौरान वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को खरीफ फसल प्रबंधन, उन्नत बीज चयन, बीज उपचार, कीट एवं रोग नियंत्रण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जल संरक्षण, कृषि मशीनीकरण तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। किसानों को केंचुआ खाद निर्माण, नील हरित काई उत्पादन, हरी खाद, पोषण वाटिका, मृदा परीक्षण तथा धान के विकल्प के रूप में अन्य खरीफ फसलों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। इसके साथ ही मछलीपालन, पशुपालन एवं उद्यानिकी फसलों के माध्यम से आय के विविध स्रोत विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन की पहल से जिले के 6500 से अधिक किसानों ने तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर शासन की योजनाओं एवं उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी हासिल की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एग्रीस्टैक एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। एच.एस. तोमर के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में वैज्ञानिकों एवं किसानों के बीच प्रतिदिन सीधा संवाद हुआ, जिससे किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सका। किसानों ने इस अभियान को बेहद उपयोगी बताते हुए आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने के प्रति उत्साह व्यक्त किया।