पीएम आवास योजनांतर्गत मकान निर्माण कार्य पर रोक मामला
मुंगेली, 30 मई 2026/sns/- लोरमी विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम बेलसरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवास पर लगाए गए रोक मामले पर नियमानुसार जांच की जा रही है। मामले की शिकायत जनदर्शन में प्राप्त हुई, जिसके पश्चात कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने संज्ञान लेकर अधिकारियों को मामले के समयबद्ध एवं पारदर्शिता के साथ निराकरण के निर्देश दिए थे। जांच में पता चला कि यह अतिक्रमण एवं सीमांकन से जुड़ा विवादित प्रकरण है। संबंधित भूमि को लेकर शिकायत प्राप्त होने के बाद पूर्व पीठासीन अधिकारी द्वारा स्थगन आदेश जारी किया गया था। मामला अत्यधिक विवादित होने के कारण निष्पक्ष जांच एवं वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के उद्देश्य से राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर सीमांकन एवं जांच की कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है।
कलेक्टर ने कहा कि जांच प्रतिवेदन जल्द प्राप्त होने वाला है, जिसके पश्चात पूरे प्रकरण का नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य किसी भी पात्र हितग्राही को प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित करना नहीं है, बल्कि नियमों एवं तथ्यों के आधार पर पारदर्शी निर्णय सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पक्षों को सुनकर निष्पक्ष कार्यवाही की जा रही है। जांच प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आवश्यक निर्णय लेते हुए हितग्राही को नियमानुसार राहत प्रदान की जाएगी।