बाल संरक्षण अभियान: 22 बच्चों ने थामा शिक्षा का हाथ
मुंगेली. 19 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में बाल श्रमिक, भिक्षावृत्ति एवं स्लम क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजुला शर्मा के मार्गदर्शन में के जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन तथा शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने अब तक 22 चिन्हित बच्चों का विद्यालयों में सफलतापूर्वक प्रवेश कराया है। अभियान के तहत 12 बच्चों का प्रवेश प्राथमिक शाला रामगढ़ तथा 10 बच्चों का प्रवेश पूर्व माध्यमिक शाला रामगढ़ में कराया गया। शिक्षा विभाग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम लगातार ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें शिक्षा, संरक्षण और बेहतर भविष्य से जोड़ने का कार्य कर रही है।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती अंजुबाला शुक्ला ने बताया कि सड़क, स्लम एवं विपरीत परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों को बाल कल्याण समिति के माध्यम से पुनर्वास, शिक्षा, भोजन, वस्त्र, आश्रय और सुरक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। ऐसे बच्चों को शोषण, बाल श्रम और मानव तस्करी जैसे जोखिमों से बचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 30 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है। यदि किसी क्षेत्र में कोई बच्चा अनाथ, असहाय, बाल श्रम या सड़क पर रहने जैसी स्थिति में मिले, तो इसकी सूचना ग्राम सरपंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी जा सकती है।