जल जीवन मिशन से बदली भटपल्ली की तस्वीर, हर घर तक पहुंचा शुद्ध पेयजल
बीजापुर, 24 जून 2026/sns/- जल जीवन मिशन के अंतर्गत भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत सोमनपल्ली के आश्रित ग्राम भटपल्ली में हर घर नल से जल आपूर्ति सुनिश्चित होने से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में पहले पेयजल के लिए हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे लोगों को लंबी कतारों और विभिन्न मौसमों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। योजना के तहत 10 केएल क्षमता वाले दो सोलर आधारित जल संरचनाओं के माध्यम से 34 परिवारों को घर-घर नल कनेक्शन देकर नियमित शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के संचालन एवं संधारण के लिए ग्राम से नल जल मित्र का चयन कर तकनीकी प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है।
ग्रामसभा के माध्यम से भटपल्ली को शत-प्रतिशत ‘हर घर जल’ प्रमाणित किया गया। ग्रामसभा में जल आपूर्ति व्यवस्था, रखरखाव एवं जलकर संबंधी विषयों पर चर्चा करते हुए प्रत्येक परिवार से 40 रुपये प्रतिमाह जलकर लेने पर सहमति बनी। ग्रामीण बोडाराम कारटम ने बताया कि पहले पानी के लिए काफी परेशानियां होती थीं, लेकिन अब घरों में नल से पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल मिलने से पानी की समस्या पूरी तरह दूर हो गई है। भटपल्ली की यह उपलब्धि जल जीवन मिशन के ‘हर घर जल’ लक्ष्य को साकार करने का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसने ग्रामीणों को सुविधाजनक जल आपूर्ति के साथ जल संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रति भी जागरूक किया है।