सेवा सेतु केंद्र बना आमजन के लिए भरोसे का केंद्र

बलौदाबाजार,8 जुलाई 2026/sns/- राज्य शासन की जनहितकारी पहल सेवा सेतु केंद्र आम नागरिकों को सरल, सुलभ और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसका लाभ अब ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक भी सहजता से पहुंच रहा है। इसी का एक प्रेरणादायक उदाहरण ग्राम करमदा निवासी पूर्णिमा ध्रुव हैं, जिन्हे अपने पुत्र आयुष ध्रुव के विद्यालय में जमा किए जाने वाले जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र एक सप्ताह के भीतर मिल गया।

पूर्णिमा ध्रुव ध्रुव अपने पुत्र आयुष ध्रुव के विद्यालय में जमा किए जाने वाले जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए गांव के चॉइस सेंटर पहुंची थीं। इसी दौरान गांव के एक युवा ने उन्हें बताया कि सेवा सेतु केंद्र में यह कार्य कम समय और बेहद कम सेवा शुल्क में हो जाता है। इस जानकारी के बाद पूर्णिमा ध्रुव ने सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया।आवेदन करने के मात्र एक सप्ताह के भीतर पूर्णिमा ध्रुव को उनके सभी आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिए गए। समय पर दस्तावेज मिलने से उनके पुत्र आयुष ध्रुव, जो कक्षा छठवीं में अध्ययनरत हैं, के स्कूल में आवश्यक दस्तावेज जमा करने की चिंता भी दूर हो गई।

पूर्णिमा ध्रुव ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि गांव से बलौदाबाजार स्थित सेवा सेतु केंद्र आते समय उन्हें लग रहा था कि प्रमाण पत्र बनवाने में काफी समय और अधिक खर्च आएगा, लेकिन यहां पहुंचने पर उनकी सारी आशंकाएं दूर हो गईं। उन्होंने कहा कि बहुत ही कम सेवा शुल्क में, बिना किसी परेशानी के और बेहद कम समय में उनके सभी दस्तावेज तैयार होकर मिल गए। उन्होंने सेवा सेतु केंद्र की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। उन्होंने इस जनहितकारी व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी पहल से ग्रामीण परिवारों को समय, धन और अनावश्यक भागदौड़—तीनों से राहत मिल रही है।

About The Author