स्वास्थ्य पेयजल और जनकल्याण योजनाओं की प्रगति की हुई व्यापक समीक्षा

मुंगेली, 09 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन में एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा द्वारा आज समस्त विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य एवं आपदा संबंधी तैयारियों की विशेष समीक्षा की गई। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करें तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखें। उन्होंने आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा सुविधाओं एवं स्वास्थ्य अमले की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम श्रीमती चंद्रा कहा कि प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जल स्रोतों की नियमित निगरानी, स्वच्छता एवं जल गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। बैठक में अधिकारियों को शासन की सभी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना किसी विलंब के प्राप्त हो सके। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author