कलेक्टर ने एन.एच. सहित विभिन्न विकास कार्यों का किया सघन निरीक्षण

मुंगेली, 17 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने पड़ाव चौक मुंगेली, धरमपुरा, जरहागांव एवं बरेला सहित विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक मैदानी निरीक्षण कर सड़क एवं आधारभूत विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और जनसुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता से समझौता नहीं करने तथा सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने लोरमी बायपास रोड पर निर्माणाधीन प्रवेश द्वार के निरीक्षण के दौरान धीमी प्रगति एवं लगातार बन रही जाम की स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण एजेंसी को दोनों ओर वैकल्पिक डायवर्सन तैयार कर एक सप्ताह के भीतर आवागमन पूरी तरह सुचारु करने के निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके पश्चात उन्होंने धरमपुरा स्थित बिलासपुर रोड (टोल प्लाजा के समीप) सड़क में आई दरारों का निरीक्षण करते हुए इसे दुर्घटना की दृष्टि से गंभीर बताते हुए तत्काल मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जरहागांव में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जल निकासी की समस्या सामने आने पर संबंधित विभाग को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं बरेला में निर्माणाधीन नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने तथा सड़क पर जलभराव रोकने के लिए प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण कर जनहित को केंद्र में रखते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल राम रावटे, एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author