सीएमएचओ ने ली निजी अस्पताल संचालकों की बैठक

मुंगेली, 17 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में आयुष्मान भारत एवं अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने सीएमएचओ के सभाकक्ष में आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध निजी अस्पतालों के चिकित्सकों, अस्पताल प्रतिनिधियों एवं ऑपरेटरों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना उपचार योजना (पीएम राहत), आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. साहा ने निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटना के प्रत्येक पात्र मरीज को पीएम राहत योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर कैशलेस एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी निजी अस्पतालों को अस्पताल परिसर में योजना संबंधी जानकारी, प्रचार-प्रसार सामग्री एवं आवश्यक सूचना प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत सभी चिकित्सकों, फार्मासिस्टों एवं नर्सिंग स्टाफ का हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री में पंजीयन तथा अस्पतालों की जानकारी हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री पोर्टल पर नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अस्पताल स्तर पर ही पात्र मरीजों एवं उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड बनाने, अस्पताल परिसर में पैकेज दर सूची, योजना संबंधी सूचना एवं टोल-फ्री नंबर प्रदर्शित करने, पोर्टल पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने सहित अन्य आवश्यक निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सभी अस्पतालों से शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। बैठक में जिले के आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध सभी निजी अस्पतालों के चिकित्सक, अस्पताल प्रतिनिधि एवं ऑपरेटर उपस्थित रहे।

About The Author