FAITH Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन की सशक्त उपस्थिति पर्यटन संभावनाओं पर हुई विशेष चर्चा
रायपुर, 18 जुलाई 2026/sns/- देश के पर्यटन एवं हॉस्पिटेलिटी क्षेत्र की अग्रणी संस्था फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन इन इंडियन टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी (FAITH) द्वारा 17 जुलाई 2026 को होटल ताज, नई दिल्ली में आयोजित FAITH Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने प्रभावशाली सहभागिता दर्ज कराई।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में देशभर से आए पर्यटन एवं हॉस्पिटेलिटी क्षेत्र के विशेषज्ञ, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल एजेंट्स, विभिन्न राज्यों के पर्यटन विभागों के प्रतिनिधि, ट्रैवल मीडिया से जुड़े विशेषज्ञ तथा उद्योग जगत के अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के पर्यटन विषय पर आयोजित विशेष पैनल डिस्कशन में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा एवं प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य शामिल हुए।
पैनल चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध प्राकृतिक धरोहर, जनजातीय संस्कृति, धार्मिक एवं पुरातात्विक पर्यटन, इको-टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म तथा पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध निवेश एवं विकास की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही उपस्थित अतिथियों, पर्यटन विशेषज्ञों एवं ट्रैवल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पर्यटन खूबियों से अवगत कराते हुए राज्य भ्रमण के लिए आमंत्रित किया गया।
श्री नीलू शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड राज्य के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे प्रतिष्ठित मंचों पर सहभागिता से राज्य की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान मिल रही है तथा पर्यटन निवेश, पर्यटकों की संख्या और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
FAITH Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की सक्रिय उपस्थिति देश के पर्यटन मानचित्र पर छत्तीसगढ़ को एक उभरते हुए आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण एवं प्रभावी पहल साबित हुई।