मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से किसान की समस्या का हुआ त्वरित समाधान

अम्बिकापुर, 23 जुलाई 2026/sns/-  मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक विलंब के मिल रहा है। सरगुजा जिले के विकासखंड मैनपाट अंतर्गत ग्राम पंचायत बरिमा के मुकेश कुमार यादव आत्मज श्री रमा शंकर यादव इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण है

श्री यादव ने बताया कि वे अपने खेत में उद्यानिकी फसलों का विकास करना चाहते थे तथा शासन की योजनाओं के अंतर्गत लीची के पौधे प्राप्त करने के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने उद्यानिकी विभाग से संपर्क किया था, किंतु कुछ कारणों से उन्हें लीची के पौधों का वितरण नहीं हो पा रहा था। शासन की जनहितकारी व्यवस्था पर विश्वास जताते हुए उन्होंने कुछ दिवस पूर्व अपनी समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होते ही संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले का तत्काल संज्ञान लिया गया। शिकायत उद्यानिकी विभाग कमलेश्वरपुर को प्राप्त होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने शिकायत की जांच की तथा हितग्राही की पात्रता का परीक्षण किया। जांच में पाया गया कि श्री यादव के पिता श्री रमा शंकर यादव के नाम लगभग 2 हेक्टेयर कृषि भूमि दर्ज है, जिसके आधार पर वे शासन की उद्यानिकी योजनाओं का लाभ लेने के पात्र हैं।

पात्रता के अनुरूप उद्यानिकी विभाग कमलेश्वरपुर द्वारा श्री यादव को निःशुल्क लीची के पौधों का वितरण किया गया। इसके साथ ही उन्हें समेकित उद्यान विकास योजना के अंतर्गत उपलब्ध अन्य सुविधाओं एवं लाभों से भी जोड़ा गया। विभाग द्वारा उन्हें पौधरोपण, उद्यान की स्थापना तथा योजनांतर्गत मिलने वाली तकनीकी एवं विभागीय सहायता की जानकारी भी प्रदान की गई, जिससे वे वैज्ञानिक पद्धति से उद्यान विकसित कर भविष्य में बेहतर उत्पादन एवं आय अर्जित कर सकें।

श्री यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद उनकी समस्या का त्वरित समाधान हुआ। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसी व्यवस्था नहीं होती, तो संभवतः उन्हें योजनाओं का लाभ मिलने में अधिक समय लग सकता था। लेकिन शिकायत के बाद संबंधित विभाग ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उन्हें शीघ्र लाभ उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि शासन की यह व्यवस्था आम नागरिकों और किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी है। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना नहीं पड़ता और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंच रहा है।

श्री यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान हो रहा है। उन्होंने उद्यानिकी विभाग कमलेश्वरपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया, जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए उनकी शिकायत का निराकरण किया और उन्हें निःशुल्क लीची के पौधों सहित समेकित उद्यान विकास योजना का लाभ उपलब्ध कराया।

About The Author