विशेष ग्राम सभा का आयोजन 30 जुलाई को
बलौदाबाजार, 23 जुलाई 2026/sns/-पंचायत संचालनालय के निर्देशानुसार 30 जुलाई 2026 को जिले के प्रत्येक ग्राम में ग्राम सभा का आयोजन करने हेतु कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने आदेशित किया है। ग्राम सभा में शतप्रतिशत उपस्थिति एवं गणपूर्ति सुनिश्चित कराने का दायित्व संबंधित सरपंच एवं पंचों का होगा।
ग्राम सभा में विशेष रूप से 16 वे वित्त आयोग अंतर्गत 2026-27 के लिए निर्मित ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) का निर्माण एवं अनुमोदन किया जाना है। इसके अतिरिक्त एजेण्डाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत स्थायी प्रतिक्षा सूची एवं आवास प्लस सूची तथा मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अपात्र हितग्राहियों का नाम विलोपन हेतु ग्राम सभा प्रस्ताव पारित किये जाएंगे । प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत स्वीकृति उपरांत अप्रारंभ आवासों को प्रारंभ एवं अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु सूची का वाचन, आवास हितग्राहियों की स्वीकृति का वाचन, आवास हितग्राहियों का समयावधि में आवास बनाने का संकल्प, ग्राम पंचायत क्षेत्र में प्राप्त रोजगार एवं आजीविका संबंधी मांगो का संकलन एवं अनुमोदन, चयनित कार्यों को ग्राम सभा से अनुमोदित कर कार्य योजना में सम्मिलित करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा।महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक एवं अन्य कमजोर वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना।
ग्राम सभा की कार्यवाही, उपस्थिति पंजी, प्रस्ताव, फोटो एवं वीडियो का संधारण कर नियमानुसार ऑनलाईन पोर्टलों पर समयबद्ध अपलोड करना। ओडीएफ के स्थायित्व को बनाये रखने की शपथ, सामुदायिक शौचालय को स्वच्छ रखने एवं रख-रखाव पर चर्चा। डोर टू डोर कचरा संग्रहण हेतु स्वच्छाग्राही दीदीयों को सहयोग देने का संकल्प के साथ मानदेय दिये जाने पर चर्चा आदि शामिल है।