कृत्रिम गर्भाधान योजना से सुरेश राजपूत को मिला उन्नत नस्ल का पशुधन
बीजापुर, 23 जुलाई 2026/sns/- जिले के वार्ड क्रमांक 11 निवासी श्री सुरेश राजपूत के लिए पशुधन विकास विभाग की कृत्रिम गर्भाधान योजना आज उनकी आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन रही है। कृषि के साथ पशुपालन कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले श्री राजपूत ने विभाग की योजना का लाभ लेकर अपने पशुधन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार किया है।
सुरेश राजपूत बताते हैं कि उनका मुख्य व्यवसाय कृषि है और इसके साथ-साथ वे पशुपालन भी करते हैं। एक दिन मोबाईल वेटरिनरी यूनिट (एमवीयू) बीजापुर की टीम ने उन्हें पशुधन विकास विभाग द्वारा संचालित कृत्रिम गर्भाधान योजना के बारे में जानकारी दी तथा इसके लाभों से अवगत कराया। विभाग की जागरूकता से प्रेरित होकर उन्होंने अपने पशु के हीट में आने की सूचना 1962 मोबाईल वेटरिनरी यूनिट को दी।
सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम ने उनके पशु का कृत्रिम गर्भाधान किया। इसके परिणामस्वरूप उनके यहां उन्नत नस्ल की मादा बछिया का जन्म हुआ, जिससे वे अत्यंत प्रसन्न हैं। इस सफलता के बाद श्री राजपूत लगातार अपने पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान करवा रहे हैं और अन्य पशुपालकों को भी इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
सुरेश राजपूत का कहना है कि कृत्रिम गर्भाधान योजना से पशुओं की नस्ल में सुधार होने के साथ दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की संभावनाएं भी बढ़ी हैं, जिससे पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। उन्होंने इस लाभकारी योजना के लिए पशुधन विकास विभाग एवं मोबाईल वेटरिनरी यूनिट बीजापुर का आभार व्यक्त किया।