संभागायुक्त ने परखी डिजिटल सेवाओं की जमीनी हकीकत
मुंगेली 23 जुलाई 2026/sns/- संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने जिले में एक दिवसीय प्रवास के दौरान करही स्थित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र एवं सेवा-सेतु केंद्र का निरीक्षण कर नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने केंद्रों में संचालित ऑनलाइन प्रक्रियाओं का अवलोकन करते हुए सेवाओं की पारदर्शिता, सुगमता और गुणवत्ता का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने भर्राकुंडा निवासी सुशीला साहू से ऑनलाइन राशि निकासी की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पूरी डिजिटल प्रक्रिया का स्वयं अवलोकन किया तथा ऑनलाइन माध्यम से राशि अंतरण (ट्रांसफर) की प्रक्रिया को भी देखा, जिससे डिजिटल सेवाओं की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष परीक्षण किया जा सका।
हितग्राहियों को प्रदान किया विवाह प्रमाण पत्र और राशनकार्ड
इसके पश्चात संभागायुक्त ने कलेक्टोरेट परिसर स्थित सेवा-सेतु केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपस्थित हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने नागरिकों से उपलब्ध शासकीय एवं डिजिटल सेवाओं, उनकी उपयोगिता और सुविधा के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा अधिक से अधिक लोगों को सेवा-सेतु केंद्रों के माध्यम से शासन की डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम सोढ़ार निवासी जितेश्वर साहू को विवाह प्रमाण पत्र और पीथमपुर निवासी श्रीमती पुष्पा को राशनकार्ड प्रदान किया। संभागायुक्त ने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक सरल, पारदर्शी, समयबद्ध एवं तकनीक आधारित सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक हितग्राही को गुणवत्तापूर्ण, त्वरित एवं सहज सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि डिजिटल सुशासन की अवधारणा और अधिक सशक्त हो सके। इस दौरान एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।