पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से नारायण पटेल का घर हुआ ऊर्जा आत्मनिर्भर
बलौदाबाजार, 3 अगस्त 2026/sns/- प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जिले के नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। ग्राम अमेरा निवासी नारायण पटेल ने वर्ष 2025 में अपने घर की छत पर सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कर इस योजना का लाभ प्राप्त किया।
नारायण पटेल ने बताया कि उन्हें इस योजना की जानकारी बैंक के माध्यम से मिली। इसके बाद उन्होंने आवेदन किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने पर अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाया। सोलर प्लांट की स्थापना के लिए उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार से निर्धारित सब्सिडी का लाभ भी प्राप्त हुआ, जिससे स्थापना की लागत काफी कम हो गई।
उन्होंने बताया कि सोलर पैनल लगने से बिजली की बचत होने के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा का उपयोग बढ़ा है। यह पहल न केवल परिवार के लिए आर्थिक रूप से लाभदायक साबित हो रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। सौर ऊर्जा के उपयोग से प्रदूषण में कमी आती है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
नारायण पटेल ने कहा “कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी है। इस योजना के माध्यम से मुझे अपने घर पर सोलर पैनल लगाने का अवसर मिला और सरकार से सब्सिडी का लाभ भी प्राप्त हुआ। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”