जगदलपुर स्थित शासकीय दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय में पीजीडीसीए अध्यापन हेतु आवेदन आमंत्रित

जगदलपुर, 04 अगस्त 2026/sns/- जगदलपुर स्थित शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्ववित्तीय योजना के तहत अध्यापन कार्य हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। महाविद्यालय द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार यह भर्ती शैक्षणिक विषय पीजीडीसीए के लिए की जा रही है, जिसमें कुल एक पद रिक्त है। इस पद पर चयनित उम्मीदवार को स्ववित्तीय समिति के निर्णय अनुसार 21,296 रुपए प्रति माह एकमुश्त मानदेय का भुगतान किया जाएगा। इस पद के लिए शैक्षणिक योग्यता यूजीसी और छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग रायपुर द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार होगी। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार अपना आवेदन पत्र 10 अगस्त 2026 की शाम 5 बजे तक पंजीकृत डाक द्वारा भेज सकते हैं या स्वयं महाविद्यालय में उपस्थित होकर जमा कर सकते हैं। समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ई-मेल के माध्यम से भेजा गया कोई भी आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आवेदकों को अपने आवेदन पत्र के साथ सभी आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, निवास प्रमाण पत्र एवं अन्य दस्तावेजों की स्व-सत्यापित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा। यह नियुक्ति पूर्णतः अस्थायी एवं अंशकालीन होगी। यदि चयनित अभ्यर्थी का कार्य संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो समिति के निर्णय अनुसार बिना किसी पूर्व सूचना के प्राचार्य द्वारा नियुक्ति समाप्त की जा सकेगी। इसके अलावा चयनित उम्मीदवार को कार्यभार ग्रहण करते समय इस आशय का शपथ-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा कि उनके विरुद्ध पुलिस या न्यायालय में कोई आपराधिक प्रकरण लंबित नहीं है और वे किसी अन्य शासकीय अथवा अशासकीय सेवा में संलग्न नहीं हैं। चयनित शिक्षक को महाविद्यालय में अध्यापन कार्य के अतिरिक्त प्रवेश, परीक्षा, छात्रसंघ चुनाव, खेलकूद, सांस्कृतिक व साहित्यिक गतिविधियों और आंतरिक परीक्षाओं के संचालन जैसे अन्य दायित्वों का भी निर्वहन करना होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट  dmpgcjdp.ac.in पर विजिट कर सकते हैं या दूरभाष नंबर 07782-225216 पर संपर्क कर सकते हैं।

About The Author