अवैध शराब एवं अधिक दर पर मदिरा विक्रय के विरूद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई
बलौदाबाजार, 5 अगस्त 2026/sns/- आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा के निर्देश के तारतम्य में कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं जिला आबकारी अधिकारी निधीश कोष्टी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम के द्वारा पलारी क्षेत्र में अवैध मदिरा के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में 23500 रुपए के 235 पाव देशी मदिरा जब्त किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को ग्राम दतान में आरोपी सागर यादव एवं अजय ध्रुव को स्वयं के स्कूटी से 200 नग देशी मदिरा मसाला,बाजार मूल्य 20000 को अवैध परिवहन करते हुये पकड़ा गया,वहीं दो अन्य आरोपी थानू राम वर्मा से 15 पाव देशी मदिरा मसाला एवं पीताम्बर वर्मा से 20 पाव देशी मदिरा मसाला जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) (ख) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। इसके अतिरिक्त जिले में संचालित समस्त मदिरा दुकानों से ग्राहको को सही दर पर मदिरा प्राप्त हो सके इसे सुनिश्चित् करने हेतु दुकानों का जांच अभियान भी चलाया गया। रोहांसी स्थित मदिरा दुकान में स्थानीय जनप्रतिनिधि से प्राप्त शिकायत के आधार पर आबकारी विभाग द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुये अधिक दर पर शराब बिक्री करने वाले कर्मचारी के विरूद्ध प्रकरण कायम किया गया। कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जलेश कुमार सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक मनराखन नेताम, दिनेश कुमार साहू, सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।