बस्तर तिरंगा यात्रा ने सुकमा में जगाया राष्ट्रभक्ति का जोश

सुकमा, 14 अगस्त 2026/sns/- जिले में गुरुवार को ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ ने राष्ट्रभक्ति, शांति, विश्वास और विकास का सशक्त संदेश दिया। चिंगावरम और एर्राबोर से एक साथ शुरू हुई यात्रा में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा, वन मंत्री एवं सुकमा प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप और दंतेवाड़ा विधायक श्री चौतराम अटामी ने नेतृत्व किया। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप स्वयं बाइक चलाकर यात्रा में शामिल हुए। कलेक्टर श्री अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर एवं डीएफओ श्री अक्षय भोंसले सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, युवा, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक यात्रा के सहभागी बने।
कभी नक्सल हिंसा के प्रभाव के लिए पहचाने जाने वाले सुकमा के संवेदनशील इलाकों से जब हाथों में तिरंगा लिए बाइक सवारों का काफिला गुजरा, तो पूरे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का उत्साह दिखाई दिया। दोरनापाल में स्कूली बच्चों ने 100 मीटर लंबे तिरंगे के साथ यात्रा का स्वागत किया। बच्चों से मंत्रियों ने आत्मीय मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। यात्रा के मार्ग में आने वाले गांवों में पूर्व की नक्सल घटनाओं से संबंधित जानकारी के लिए प्रशासन द्वारा क्यूआर कोड भी लगाए गए, जिससे लोगों को क्षेत्र के संघर्षपूर्ण अतीत और बदलते वर्तमान से परिचित कराने का प्रयास किया गया।
‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के माध्यम से यात्रा ने शहीद जवानों और नागरिकों के बलिदान को भी नमन किया। शहादत स्थलों पर पौधरोपण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि जिन रास्तों को कभी माओवाद के प्रभाव वाले क्षेत्रों के रूप में जाना जाता था, आज उन्हीं रास्तों से तिरंगा शान से गुजर रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान शहादत स्थलों की मिट्टी एकत्रित की जाएगी, जिसका उपयोग भविष्य में बनने वाले स्मारक में किया जाएगा। यह पहल शहीदों की स्मृति को नई पीढ़ी से जोड़ने का भावपूर्ण प्रयास है। चिंगावरम से शुरू होकर सुकमा, एर्राबोर, मनीकोंटा, दोरनापाल, पोलमपल्ली, बुर्कापाल, मिनपा-टाड़मेटला, चिंतलनार, जगरगुंडा और सिलगेर जैसे क्षेत्रों से गुजरती हुई तिरंगा यात्रा बीजापुर जिले की ओर रवाना हुई। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देश-दुनिया तक यह संदेश पहुंचाना है कि कभी हिंसा से प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब शांति और विकास का वातावरण मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज बस्तर के दुर्गम गांवों में भी राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगा सम्मान और गौरव के साथ फहराया जा रहा है तथा ग्रामीणों में राष्ट्रध्वज के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। सड़क, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, लघु वनोपज प्रसंस्करण और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के लोगों ने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ कठिन परिस्थितियों का सामना किया है और आज उसी संघर्षशील बस्तर में बदलाव की तस्वीर दिखाई दे रही है। सुकमा में निकली तिरंगा यात्रा इसी परिवर्तन का प्रतीक बनीकृजहां कभी भय की छाया थी, वहां आज तिरंगा शान से लहरा रहा है और राष्ट्रभक्ति के साथ विकास का विश्वास गांव-गांव तक पहुंच रहा है।

About The Author