हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ पर छायाचित्र प्रदर्शनी
अम्बिकापुर 14 अगस्त 2026/ sns/- ‘ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ विषय पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न छायाचित्रों और प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन किया।
छायाचित्र प्रदर्शनी में भारत विभाजन के दौरान घटित घटनाओं, विस्थापन और पलायन की पीड़ा को छायाचित्रों एवं समाचार पत्रों में प्रकाशित आलेखों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। विभाजन के समय अपने घर-परिवार और मातृभूमि से विस्थापित होकर पलायन करने वाले शरणार्थियों के दृश्य तथा उस दौर की विभिन्न घटनाओं से जुड़े मार्मिक चित्र प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी का उद्देश्य विभाजन की त्रासदी से जुड़ी घटनाओं और उसके मानवीय पक्ष से नई पीढ़ी को अवगत कराना तथा इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय को स्मरण करना है।
प्रदर्शनी में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। विभिन्न छायाचित्रों एवं सामग्री के माध्यम से बताया गया कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान ‘वंदे मातरम्’ ने देशवासियों में मातृभूमि के प्रति प्रेम, त्याग, समर्पण और राष्ट्रीय चेतना की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वतंत्रता संग्राम में इस गीत के प्रभाव और राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने में इसकी भूमिका को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों से अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया गया। साथ ही तिरंगे के प्रति सम्मान, राष्ट्र के प्रति गौरव और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ अभियान में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
प्रदर्शनी में जनसंपर्क विभाग की पत्रिका ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ के साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों से संबंधित पाम्पलेट, पुस्तिकाएं एवं किताबें भी प्रदर्शित की गईं। इन प्रकाशनों का नागरिकों के बीच निःशुल्क वितरण किया गया, जिससे लोगों को शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी मिल सके।